धनतेरस तिथि कब है ?
प्रत्येक वर्ष कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को धनतेरस या धनत्रयोदशी का पर्व मनाया जाता है। इस वर्ष धनतेरस 13 नवंबर दिन शुक्रवार को है। धनतेरस दीपावली से पहले मनाया जाता है और दीपावली कार्तिक अमावस्या को होती है।
इस वर्ष कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि का प्रारंभ 12 नवंबर दिन गुरुवार को रात 09 बजकर 30 मिनट से हो रहा है, जो 13 नवंबर दिन शुक्रवार को सायं 05 बजकर 58 मिनट तक है। ऐसे में धनतेरस 13 नवंबर को मनाना उचित है।
धनतेरस के दिन देवों के वैद्य भगवान धन्वंतरी की विधि विधान से पूजा की जाती है। मान्यता है कि समुद्र मंथन के दौरान आज ही के दिन धन्वंतरि देव अमृत कलश के साथ प्रकट हुए थे। इनका पूजन करने से आरोग्यता की प्राप्ति होती है। भगवान धन्वंतरि को भगवान विष्णु का ही रूप माना जाता है। इस दिन लोग शुभता के लिए सोना, चांदी, ताँबा आदि के आभूषण एवं बर्तन आदि की खरीदारी भी करते है।
धनतेरस पर क्या न खरीदे (धनतेरस की सावधानियां)
धनतेरस के पर्व पर स्टील, लोहा, अल्युमीनियम, प्लास्टिक और कांच की वस्तुओं को खरीदने से बचना चाहिए क्योंकि यह प्रायः शुद्ध धातु नहीं है। धनतेरस पर सोना, चाँदी, ताँबा, पीतल या मिट्टी से बनी वस्तुएं खरीदना शुभ होता है।